केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मदर्स डे के अवसर पर रविवार को बीएचयू में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अपनी माताजी के नाम से पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए इस अभियान से जुड़ने और अपनी मां के नाम पर पौधे लगाने की अपील की। बीएचयू प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री ने साथी सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर में लगी अत्याधुनिक मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और उनके रखरखाव व मेंटेनेंस खर्च के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर बीएचयू के कुलपति, आईआईटी के निदेशक तथा साथी सेंटर के उप समन्वयक प्रो. बिरंची शर्मा समेत अन्य अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।