सिगरा स्टेडियम के बास्केटबॉल कोर्ट में रोजाना 150 से ज्यादा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारने में लगे हुए हैं। ये खिलाड़ी 29 अप्रैल से 2 मई तक बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान पर होने वाली महामना लीग 3.0 अंडर 17 बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में खेलने के लिए सुबह शाम जान लगा रहे हैं। इन खिलाड़ियों को बास्केटबॉल सिखाने वाले कोच आशीष दुबे ने बताया कि तीन बैच में 8 से 18 आयु वर्ग के बच्चों को ड्रिबलिंग, डायरेक्शन ऑफ़ चेंज और लैप शॉट का अभ्यास कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीएचयू में होने वाली महामना लीग में खेलने के लिए बच्चों का चयन किया जाएगा। अंतिम रूप से टीम में चयनित खिलाड़ियों को लीग में खेलने के लिए भेजा जाएगा। अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों में स्कूली नेशनल, राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ी भी शामिल हैं।