सैयदराजा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए महिला सीट पर हो रहे उपचुनाव में सुबह दोपहर 3 बजे तक कुल 39.21 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। वहीं फर्जी मतदान के आरोप में एक संदिग्ध हिरासत में लिया गया है। जबकि चार मतदाताओं ने वोटिंग प्रक्रिया पर गंभीर आरोप भी लगाया है। अभिकर्ता अखलाक अहमद ने सुबह से ही फर्जी मतदान का आरोप लगाया है। यह सभी मामला नेशनल इंटर कालेज में बने बूथों की है। सकलडीहा उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने जांच की बात कही है। सैयदराजा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर हो रहे उपचुनाव में फर्जी आधार कार्ड के जरिए बाहरी आकर वोट डाल रहे हैं। यह आरोप निर्दलीय प्रत्याशी इशरत खातून के पति व अभिकर्ता एखलाक अंसारी उर्फ लड्डू ने लगाया है। उन्होंने कहा कि सुबह से फर्जी वोटिंग कर धांधली की जा रही है। कई मतदाताओं का वोट पहले ही बूथों पर डाल दिया जा रहा है। इससे नगर के मतदाता बूथों पर जा रहे हैं तो उन्हें लौटा दिया जा रहा है। इसकी शिकायत भी शासन-प्रशासन से की गई है। साथ ही फर्जी वोटिंग को रोकवाने की गुहार लगाई गई है। लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। यह मामला संज्ञान में आने पर सपा जिलाध्यक्ष सत्यनायण राजभर ने प्रेक्षक राजेश कुमार गुप्ता से फर्जी वोटिंग की शिकायत किए हैं। प्रेक्षक भी आए और चले गए। लेकिन फर्जी वोटिंग का सिलसिला नहीं रूक रहा है। पिछले साल भी इस तरह की धांधली की गई है। नेशनल इंटर कालेज में बने बूथ पर कई मतदाओं ने भी वोटिंग प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए फर्जी मतदान होने की बात कही है। पुलिस ने एक संदिग्ध हिरासत में लिया है। उधर सकलडीहा उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने कहा कि सभी 18 बूथों पर भ्रमण किया गया है। कहीं कोई अनियमितता नहीं हो रही है। यदि कहीं अनियमितता की शिकायत आ रही है तो उसकी जांच करायी जा रही है। अगर कोई व्यक्ति बूथ के आसपास घूम रहा है और डबल वोट डालने की आशंका हो रही है तो उन्हें पकड़कर बैठा लिया जा रहा है। स्वच्छ एवं पारदर्शी चुनाव कराने को तत्पर हैं। सभी बूथों पर शांति पूर्ण मतदान कराया जा रहा है।