प्रदेश में प्रस्तावित 42.5 किलोमीटर लंबे गाजीपुर-बलिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे पर 11.5 किलोमीटर लंबा ''बी कॉरिडोर'' विकसित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देना और उनकी घटती आबादी के संरक्षण में मदद करना है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और वन विभाग के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। वाराणसी वृत्त के वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार सिंह ने बताया कि इस कॉरिडोर को विकसित करने के लिए हाईवे के दोनों किनारों और बीच के डिवाइडर पर विशेष प्रकार के पौधे लगाए जाएंगे। ये पौधे मुख्य रूप से फूलों और मकरंद से भरपूर होंगे, जो मधुमक्खियों को आकर्षित करेंगे। यहां नीम, करंज, महुआ, पलाश, जामुन और सिरिस जैसे देशी एवं फूलदार पौधे लगाए जाएंगे, ताकि हर मौसम में मधुमक्खियों को भोजन और आवास मिल सके।