सहकारी समिति सैदखानपुर में खाद वितरण के दौरान बुधवार देर शाम सहायक लेखाकार पर दो लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने उन्हें मारापीटा। किसानों के बीच-बचाव से किसी तरह से उनकी जान बच सकी। पीड़ित की तहरीर पर कूरेभार पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। धनपतगंज के कोरौं गांव निवासी ऋषभ मिश्र साधन सहकारी समिति लिमिटेड सैदखानपुर में सहायक लेखाकार के पद पर कार्यरत हैं। उनके मुताबिक बुधवार दोपहर करीब 12 बजे 500 बोरी खाद सैदखानपुर स्थित समिति पर उतारी गई। करीब चार बजे वह ट्रक से 50 बोरी खाद से पीसीएफ कटका से मंगाकर सैदखानपुर सोसाइटी पर उतरवा रहे थे। वहां पर उनके साथ समिति के सचिव प्रणव दुबे भी मौजूद थे। आरोप है कि शाम करीब 5.30 बजे बजे शेर बहादुर वर्मा व अमर बहादुर सिंह वर्मा निवासीगण पटना सैदखानपुर अपनी बाइक से समिति पर आए और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए उन्हें गालियां देते हुए कहे कि तुम खाद कहां ले जा रहे हो। ऋषभ ने जवाब दिया कहा कि वह पीसीएफ कटका से खाद मंगाकर सोसाइटी की गोदाम में रखवाने के लिए लाए हैं। उनके इतना कहते ही आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। सोसाइटी पर आये कुछ कृषकों के बीच-बचाव करने पर उनकी जान बची। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। कूरेभार थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह ने बताया कि सहायक लेखाकार ऋषभ मिश्र की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।