सुल्तानपुर में बल्दीराय स्थित गैस एजेंसी के गोविंदपुर रामनगर स्थित गोदाम पर दो दिनों से ताला लटकने से उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुकिंग कराने के बावजूद कई उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर नहीं मिल पाया और वे बुधवार को निराश होकर लौट गए। उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार दो दिनों से गोदाम पर ताला लगा मिल रहा है और एजेंसी संचालक से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। सोरांव निवासी राजू यादव ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से सिलिंडर लेने के लिए गोदाम पर आ रहे हैं, लेकिन हर बार ताला लगा मिलता है। इससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। गोविंदपुर निवासी परमानंद तिवारी ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को गैस सिलिंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन बुधवार को सिलिंडर लेने पहुंचे तो गोदाम पर ताला लगा मिला। किसी से भी सही जानकारी नहीं मिल रही है। ऐंजर निवासी उमेश ने बताया कि उन्होंने बुधवार सुबह ही गैस सिलिंडर की बुकिंग कराई थी। जब वह सिलिंडर लेने पहुंचे तो गोदाम बंद मिला। उनका आरोप है कि एजेंसी संचालक का मोबाइल फोन भी सुबह से स्विच ऑफ आ रहा है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश कुमार मौर्य ने बताया कि जिले के कुछ स्थानों पर गैस सिलिंडर की किल्लत की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों पर पर्याप्त सिलिंडर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।