यूपी के सुल्तानपुर में ईंट भट्टा पर कार्य करने वाले मजदूर को अज्ञात बदमाशों ने मंगलवार देर शाम गोली मार दी। साथी आनन फानन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। वहां से गंभीर अवस्था में उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। घटना कुड़वार थाना क्षेत्र के उतमानपुर की है। अमेठी जिले के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के भटमऊ लहूरी का पुरवा निवासी हरि श्याम पुत्र राम कुमार (26 वर्ष) उतमानपुर में ईंट भट्टा पर मजदूरी करता है। भट्टा भाजपा नेता श्याम सुंदर सिंह ऊर्फ लहूरी सिंह का है। मंगलवार देर शाम हरि श्याम कार्य खत्म होने के बाद भट्टे पर ही था। इसी समय वहां पहुंचे अज्ञात बदमाशों ने उसे गोली मार दी। साथी मजदूरों ने बताया कि गोली दाहिने पैर में लगी है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में मजदूर का इलाज जारी है। एएसपी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।