सुल्तानपुर में कोतवाली देहात क्षेत्र के दूबेपुर गांव में सोमवार दोपहर भूमि विवाद को लेकर अराजकतत्वों ने छप्पर में आग लगा दी। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू किया। दूबेपुर निवासी प्रद्युम्न वर्मा और मंजीत के बीच काफी समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार दोपहर शिव मंदिर के पास रखा एक छप्पर पर आग लगा दी गई। छप्पर से धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जुट गई और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। तनाव बढ़ता देख कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक धर्मदेव ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।