होली के त्योहार को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम ने मिलावटी और खराब मिठाइयों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। मंगलवार को मुख्य खाद्य निरीक्षक अधिकारी निर्भय नारायण सिंहा के नेतृत्व में निरीक्षण टीम ने मोतिगरपुर कस्बे में लखनऊ-बलिया हाइवे पर अयोध्या जिले के जाना बाजार में स्थित राधिका डेयरी के संचालक दुर्गेश वैश्य की मिठाइयों से भरी एक टाटा एस मैजिक वाहन को संदेह के आधार पर रोका। जांच के दौरान वाहन में मिल्ककेक, कलाकंद, बतीसा, रसगुल्ला, मिक्स बर्फी और डोडा बर्फी सहित कुल छह प्रकार की मिठाइयां पाई गईं, जिनका नमूना लेकर परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा गया। इसके अलावा, एक्सपायरी डेट की 63.5 किलो मिठाइयों को जब्त कर गोमती नदी में नष्ट कराया गया। निरीक्षण अभियान में जयसिंहपुर खाद्य निरीक्षक अंजनी मिश्र, लंभुआ के हीरालाल, सुपरवाइजर बसंत वर्मा और चालक रमाकांत सिंह शामिल रहे। अधिकारीयों ने दुकानदारों को साफ-सफाई और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को मिलावटी मिठाइयों से बचाया जा सके।