बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए रविवार को जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें सर्दी, जुखाम, बुखार, पेट दर्द से संबंधित 85 मरीजों ने उपचार कराया। मौसम में बदलाव के अनुसार डॉक्टरों ने उन्हें सतर्कता बरतने की भी सलाह दी। रॉबर्ट्सगंज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ.जेपी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला में कुल 35 मरीज आए। ज्यादातर मरीज सर्दी, खांसी, बुखार, पेट दर्द से जुड़ी बीमारियों के थे। उन्हें दवा व परामर्श दिया गया। इस मौके पर मनोज राठौर, चरनजीत सिंह, कृष्णकांत चौबे आदि मौजूद रहे। वहीं नगवां ब्लाॅक क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खलियारी पर मेले में 40 मरीजों का उपचार हुआ। फार्मासिस्ट अनूप कुमार ने बताया कि मरीजों को जांच कर दवा दी गई। एएनएम सरस्वती देवी ने गर्भवती महिलाओं की जांच की। उन्हें आयरन, कैल्सियम, फोलिक एसिड की दवा दी। दो महिलाओं का प्रसव भी कराया गया। शिविर में लैब टेक्नीशियन सोनाली आदि मौजूद रहे। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केकराही पर जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले में दस मरीज आए थे। वह सर्दी, जुकाम, बुखार वायरल सहित अन्य बीमारी से पीड़ित रहे।