सोनभद्र में सपा कार्यकर्ताओं ने सर्विस लेन और अन्य सड़कों की दुर्दशा को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। डीएम कार्यालय के बाहर सड़कों पर लेटकर विरोध जताते हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा। सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में सोनभद्र की सड़कों की हालत जर्जर हो गई है। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे आम जनता की जान को खतरा बना हुआ है। मौजूदा सरकार और स्थानीय विधायक इस स्थिति पर चुप हैं। खराब सड़कों के कारण स्कूली बच्चों और एंबुलेंस को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और आए दिन हादसे होते रहते हैं। महिला सभा की जिलाध्यक्ष गीता गौर ने कहा कि सड़कें पूरी तरह से टूट चुकी हैं, जबकि इसी रास्ते से जिले के आला अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं। इसके बावजूद कोई सुधार नहीं हो रहा है, जिससे आम जनता में भारी आक्रोश है। पूर्व नगर सचिव मनीष त्रिपाठी ने कहा कि चारों तरफ सड़कों की हालत बदतर हो चुकी है, लेकिन कोई अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। खासकर आदिवासी इलाकों में सड़कें बेहद जर्जर हैं।