दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव निवासी मनीष जायसवाल म्योरपुर सीएचसी में एसटीएलएस पद पर तैनात थे। वह सोमवार की सुबह करीब नौ बजे हॉस्पिटल के काम से ही रॉबर्ट्सगंज जा रहे थे। हाथीनाला थाना से पहले मुर्धवा मार्ग पर अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। सड़क पर गिरे मनीष को कुचलते हुए ट्रेलर चालक फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मनीष को दुद्धी सीएचसी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मनीष की शादी चार साल पहले धनौरा गांव में हुई थी। उन्हें डेढ़ माह का बेटा भी है।हादसे ने मासूम बेटे के सिर से पिता का साया छीन लिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।