समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष बबलू धांगर के नेतृत्व में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। स्थानीय समस्याओं से संबंधित 12 सूत्री ज्ञापन डीएम को सौंपा। हर घर नल योजना से गांवों में शुद्ध पेयजल मुहैया कराए जाने की मांग की। प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि जिले में अवैध खनन धड़ल्ले से हो रहा है। इससे राजस्व की भारी क्षति हो रही है। ओवरलोड परिवहन से सड़कें खराब हो रही हैं। वहीं दूसरी तरफ बिजली विभाग की तरफ से स्मार्ट मीटर लगाकर जनता से मनमानी वसूली की जा रही है। नक्सल क्षेत्रों में मोबाइल टॉवर न होने से तमाम सरकारी कार्य बाधित हैं, इससे जनता काफी परेशान है। जिले में संचालित औद्योगिक प्रतिष्ठानों में बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने की मांग की। हर घर नल योजना से छुटे हुए गांव घरों तक कनेक्शन करके शुद्ध जल पहुंचाए जाने की मांग की गई। सहकारी समितियों पर किसानों से समय से धान खरीद किए जाने की मांग की गई।