समय पर वेतन न मिलने और पीएफ का भुगतान न होने से नाराज नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को अनपरा बाजार के महावीर चौक पर इकट्ठा होकर कार्य बंद कर दिया। इससे नगर के कई वार्डों में सफाई कार्य बाधित रहा। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि पिछले 6 महीने से वेतन समय पर नही मिल रहा है। दो महीने में एक महीने का वेतन दिया जा रहा है। इससे हम लोगों के घर का बजट खराब हो गया है। राशन, दूध, दवा के दुकानों पर उधारी हो गई है। दुकानदार तगादा कर रहें हैं। पूर्व में भी समय पर वेतन न मिलने पर हम लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय पर शिकायत की थी। आश्वासन मिला था कि समय पर वेतन भुगतान किया जाएगा, लेकिन अभी तक अप्रैल माह का भुगतान नही किया गया है। साथ ही ज्यादातर सफाई कर्मचारियों का पीएफ भी नही जमा किया जा रहा है। पूछने पर कहा जाता है कि जमा कर देंगे। वेतन में से भी पीएफ और ईएसआई की कटौती की जाती है, लेकिन ऑनलाइन चेक करने पर पीएफ जमा नही दिखाई देता है। साथ ही सफाई कार्य के लिए मास्क, दस्ताना और झाड़ू भी नही दिया जा रहा है। एक जैकट दिया गया है, गलती से उतारकर रख दिया तो एक दिन का वेतन काट लिया जाता है। कार्य बंद होने की सूचना पर आर्यन एनवायरोटेक के कर्मचारियों को ने सफाईकर्मीयों को आश्वस्त किया कि दो दिनों के अंदर वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा और पीएफ भी जमा किया जा रहा है। मौके पर कुछ लोगों के पीएफ जमापर्ची भी दिखाया। आश्वासन पर सभी सफाईकर्मी काम वापस लौटे।