चोपन ब्लॉक के कोटा ग्राम पंचायत के अम्मा टोला के बालूपर टोला में 17 दिन बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सका है। इससे नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किए और बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत कार्य कराते हुए बिजली आपूर्ति चालू किए जाने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि कोटा गांव के परासपानी में स्थित विद्युत उप सब स्टेशन जवारीडाड पर 13 मई को आई तेज आंधी आने के वजह से कोटा ग्राम पंचायत के अम्मा टोला स्थित बालूपर टोला में लगभग तीन पोल आंधी में टूट कर गिर गया और उसमें लगा हुआ ट्रांसफार्मर भी गिर गया। इससे ट्रांसफार्मर भी डैमेज हो गया है। तब से ग्रामीण इसके मरम्मत कराए जाने की मांग कर रहे हैं, मगर अभी तक बिजली निगम के अधिकारी न तो क्षतिग्रस्त खंभों का मरम्मत करा सके और ना ही ट्रांसफार्मर ही बदला जा सका है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने उप सब स्टेशन पर पहुंचकर बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किए और जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त खंभे और ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द खंभा और ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से लोकेश प्रजापति, निर्भय चौधरी उर्फ कुंजू, सुशील तिवारी, विनोद कुशवाहा, राजेंद्र कुशवाहा, छविनाथ निषाद, रमाशंकर साहनी, लवकुश कुमार, प्रदीप कुमार, कल्लू, जयप्रकाश, अर्जुन, अवधेश कुमार, पप्पू आदि शामिल रहे।