सोनभद्र जिले के चोपन थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार को मुठभेड़ में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर प्रिंस सिंह को गिरफ्तार किया। उसे पैर में गोली लगी है। उसका एक साथी भागने में कामयाब रहा। तस्करों ने फिल्मी स्टाइल में पहले पुलिस वाहन को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। फिर दूसरे की कार लेकर पीछे आई संयुक्त टीम को नोट फेंककर भरमाने की कोशिश की। बावजूद पुलिस टीम पीछे नहीं हटी तो फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर घायल हुआ। उसका उपचार कराया जा रहा। उनके वाहन से अफीम, डोडा और एक अवैध असलहा बरामद हुआ। कार सहित बरामद माल की कीमत करीब 58.85 लाख है।