सोनभद्र जनपद भ्रमण पर पहुंचे प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने सोमवार को नगवां विकास खंड के विभिन्न गांवों में हर घर नल योजना के तहत संचालित जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर नलों की टोटी खोलकर पानी की उपलब्धता की जांच की। ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजना की वास्तविक स्थिति जानी। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि योजना के माध्यम से उन्हें नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे दैनिक जीवन में काफी सुविधा हुई है। ग्रामीणों ने इसके लिए पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डीएम चर्चित गौड़, एसपी अभिषेक वर्मा, एडीएम (नमामि गंगे) रोहित यादव सहित जल जीवन मिशन के अधिकारी मौजूद रहे।