सोनभद्र जिले में सावन माह के पहले सोमवार पर अनपरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 14 स्थित कहुआनाला के अर्जुन छठ घाट पर रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। श्रद्धालुओं ने स्नान-ध्यान कर विधि-विधान से कांवड़ पूजन किया और जल भरकर पैदल विभिन्न शिवालयों के लिए रवाना हुए। अनपरा बाजार और डिबुलगंज क्षेत्र से करीब 200 से अधिक कांवड़िये 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयकारे लगाते हुए अर्जुन छठ घाट पहुंचे। यहां स्नान के बाद कांवड़ पूजन कर श्रद्धालुओं ने अपने कांवड़ में जल भरा और अनपरा बाजार स्थित त्रिलोकीनाथ मंदिर समेत क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए प्रस्थान किया। कांवड़ यात्रा में पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु और बच्चे भी शामिल रहे। पूरी यात्रा के दौरान शिव भजनों पर श्रद्धालु नाचते-झूमते आगे बढ़ते रहे। बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।