सोनभद्र के नगवां ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत मांची में प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बन रहा पुल वर्ष 2024 से अधूरा पड़ा है। वर्ष 2025 से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद है, जिससे करीब 30 ग्राम पंचायतों का संपर्क टूट गया है। पुराना पुल तोड़ दिया गया, लेकिन नया पुल पूरा नहीं हुआ। इससे स्कूली बच्चे, ग्रामीण और पुलिस कर्मी नाव से जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने ठेकेदार की लापरवाही बताते हुए प्रशासन से जल्द पुल निर्माण पूरा कराने की मांग की है। शशि कुमार ने बताया कि पुलिया खराब और अधूरी होने के कारण लगभग 30 गांवों के लोग अपनी समस्या लेकर थाना तक भी नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे ग्रामीणों को न्याय और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आवागमन पूरी तरह बाधित होने से लोगों को नाव के सहारे नदी पार करनी पड़ती है, जो बेहद जोखिम भरा है। प्रशासन को इस गंभीर समस्या पर तुरंत ध्यान देते हुए पुल निर्माण कार्य जल्द पूरा कराना चाहिए। ग्रामवासी सरोज अली ने बताया कि पुल निर्माण कार्य बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और मरीजों को अस्पताल तक ले जाने में दिक्कत हो रही है। नाव के सहारे नदी पार करना बेहद खतरनाक है, कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कहा कि प्रशासन को तुरंत पुल निर्माण कार्य शुरू कराना चाहिए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।