प्रशासन की तरफ से सहकारी समितियों-संघों पर लगातार पर्याप्त खाद भेजने के दावे के बावजूद किल्लत थमने का नाम नहीं ले रही। कस्बा स्थित ग्रामीण सहकारी संघ पर लंबे समय बाद सोमवार को यूरिया की खेप पहुंची तो किसान उमड़ पड़े। उपलब्धता के दोगुने से भी ज्यादा किसान पहुंचने पर मारामारी की स्थिति बन गई। एक-एक बोरी कर 400 को खाद उपलब्ध कराया गया। शेष ने हंगामा शुरू कर दिया। वहां पहुंचे पूर्व विधायक रमेश दुबे भी किसानों के साथ धरने पर बैठ गए। दो घंटे तक नारेबाजी चलती रही। एसडीएम घोरावल आशीष त्रिपाठी ने दो दिन में पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया तब लोग शांत हुए।