सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज नगर की समस्याओं को लेकर युवक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। पीसीसी सदस्य आशुतोष कुमार दुबे 'आशु' ने कहा कि शुरुआती बारिश में ही नगर के धर्मशाला रोड, बढ़ौली चौराहा रोड, आंबेडकरनगर, ब्रह्मनगर सहित कई जगहों पर पानी सड़क पर जमा हो रहा है। नालियों का पानी सड़क पर आने से लोगों को उसमें से चलना मुश्किल हो गया है। दूसरी ओर नगर में बन रही नाली केवल जेसीबी से खोदते हुए नीचे की तलहटी को सही रूप से दिशा न देते हुए बनाई जा रही है। नालियां कहीं सड़क से ऊपर तो कहीं सड़क के लेबल से भी नीचे हैं। आने वाले समय में इससे पानी की निकासी को लेकर दिक्कत बढ़ेगी। युवक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सूरज वर्मा ने कहा कि नगर में अधूरी नालियों से लोगों को काफी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर राष्ट्रीय छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता, श्रीकांत मिश्रा, सुजीत मिश्रा, प्रमोद प्रजापति, अनिल बियार, सौम्य सोनकर, अजीत खरवार, राम प्रजापति, मिथिलेश खरवार, धीरज केशरी, आशीष मोदनवाल, अनिल यादव, निगम बियार, रोहित भारती रहे।