औड़ी-शक्तिनगर फोरलेन पर शनिवार को राख ले जारी ट्रक का डाला खुल गया। इससे हाईवे पर गीली राख फैल गई। सड़क पर फैली राख दिन भर उड़ती रही। उसके बीच से गुजरते बाइक व साइकिल सवार फिसलते रहे। शनिवार की सुबह शक्तिनगर से राख लेकर एक ट्रक वाराणसी की ओर जा रहा था। लैंको काॅलोनी से आगे ट्रक का डाला पीछे से खुल गया। इससे ट्रक में भरा राख हाईवे पर फैल गया। गनीमत रही कि उस समय ट्रक के पीछे कोई वाहन नहीं था, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। कुछ ही देर में फोरलेन के दोनों ओर सड़क पर राख की मोटी परत जम गई। इस दौरान कई बाइक व साइकिल सवार फिसलकर गिर गए। उन्हें हल्की चोटें भी आई हैं। सूखने के बाद राख हवा में उड़ रही थी। नेहरू चौक औड़ीमोड़ से लेकर अनपरा मोड़ तक हाईवे पर राख सहित धूल का गुबार उड़ रहा था। सूचना पर अनपरा नगर पंचायत ने जेसीबी और ट्रैक्टर के माध्यम से हाईवे के राख को हटवाया और हाईवे पर पानी छिड़काव कराया।