नगर पंचायत बिस्कोहर के वार्ड नंबर 13 पंडित दीनदयाल नगर के मोहल्ला उत्तर यादव डीह पर बने जर्जर मिनी सचिवालय भवन को शनिवार सुबह जेसीबी से ध्वस्त करवा दिया गया, अब यहां पर नगर प्रशासन के द्वारा डिजिटल पुस्तकालय बनवाया जाएगा। मिनी सचिवालय का भवन वर्ष 2009 में ग्रामीणों की सुविधाओं के लिए बनवाया गया। मिनी सचिवालय बनने के बाद इसे विभागीय अधिकारियों को हैंडओवर नहीं किया गया था । भवन का रख रखाव न होने से जर्जर हो गया और इसके खिड़की दरवाजे सब गायब हो गए थे। अधिशाषी अधिकारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया करा कर भवन को ध्वस्त करने का निर्देश दिया गया है, बताया कि उस जगह पर अब डिजिटल पुस्तकालय भवन का निर्माण कराया जाएगा।