सिद्धार्थनगर ने लगातार 5वीं बार जीता पुरुष खिताब गोरखपुर जोन की 74वीं अंतर्जनपदीय पुलिस हॉकी महिला/पुरुष प्रतियोगिता 2026 का समापन 27 जुलाई 2026 को हुआ। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशान्त कुमार प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर हौसला बढ़ाया। महिला वर्ग का फाइनल मुकाबला जनपद गोंडा और जनपद कुशीनगर की महिला टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के बाद मैच का फैसला पेनाल्टी स्ट्रोक से हुआ। इसमें गोंडा पुलिस की महिला टीम ने कुशीनगर महिला पुलिस को 3-2 से हराकर फाइनल अपने नाम किया। वहीं, पुरुष वर्ग का फाइनल जनपद सिद्धार्थनगर और जनपद बस्ती के बीच हुआ। कांटे की टक्कर में भी निर्णय पेनाल्टी स्ट्रोक से हुआ। सिद्धार्थनगर की टीम ने बस्ती की टीम को 3-1 से हराकर लगातार 5वीं बार इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा किया।