श्रावस्ती में जमुनहा विकास खंड के हरदत्त नगर गिरंट में सहकारी समिति पर यूरिया न होने का लाभ निजी दुकानदार उठा रहे हैं। किसानों को ओवर रेटिंग कर खाद दे रहे हैं। शुक्रवार को जमुनहा स्थित एक दुकान पर किसान को 400 रुपये में एक बोरी यूरिया दी गई। इसका किसान ने वीडियो बना लिया। ओवर रेटिंग व समिति पर यूरिया न होने से किसानों में शासन-प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है। हरदत्त नगर गिरंट स्थित आर्यावर्त खाद एवं बीज की दुकान पर यूरिया लेने पहुंचे तिलकराम ने बताया कि उन्होंने अपने आधार कार्ड पर एक बोरी व परिवार की महिला कुंती देवी के आधार पर चार बोरी यूरिया लिया है। दुकान संचालक ने एक बोरी यूरिया 400 रुपये के हिसाब दिया है। उनके कुल 2000 रुपये ले लिया। किसान ने बताया कि उन्होंने सरकारी रेट लगभग 267 रुपये का हवाला दिया और रुपये कम करने की जब बात कही तो दुकानदार ने समिति पर खाद लेने की सलाह दी। जबकि समिति पर खाद उपलब्ध नहीं है। किसान ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की गई दुकानों पर उन्होंने पता किया लेकिन सभी जगह 400 रुपये बोरी ही मिल रहा है। किसान ने यूरिया खरीदते समय मोल भाव व दुकानदार द्वारा 2000 रुपये मांगने का वीडियो भी बना लिया।