श्रावस्ती में नवीन मॉडर्न क्षेत्र में एक महिला से मारपीट कर लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। दो अंतरजनपदीय अपराधियों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। उनके तीसरे साथी को भी घेराबंदी कर पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए जेवर, हथियार, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि 22 मार्च 2026 को खरगौरा गणेश में एक महिला के सिर पर लकड़ी के डंडे से वार कर उसकी कान की बाली और नाक की नथ लूट ली गई थी। मुखबिर की सूचना पर 24 मार्च 2026 को परशुरामपुर मोड़ के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान रिजवान और राहुल नामक दो अंतरजनपदीय अपराधी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए, जबकि विशाल सोनी को भागने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया। घायल अभियुक्तों और एक आरक्षी कृष्ण मोहन चौहान का सीएचसी इकौना में उपचार कराया गया। पुलिस ने लूटे गए जेवर, दो हजार रुपये नकद, दो तमंचे, कारतूस, तीन मोबाइल फोन, लकड़ी का डंडा, एक मोटरसाइकिल और एक बैटरी ई-रिक्शा बरामद किया है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे सुनसान इलाकों में अकेली महिलाओं को निशाना बनाते थे और लूट के बाद तुरंत फरार हो जाते थे। मुख्य अभियुक्त रिजवान पर आधा दर्जन से अधिक लूट और हत्या के मामले दर्ज हैं, जबकि राहुल और विशाल सोनी पर भी कई आपराधिक अभियोग पंजीकृत हैं।