तुलसीपुर। सोनवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शाहपुर कठौतिया स्थित भारत गैस एजेंसी पर सिलिंडर बदलवाने आए एक युवक की मंगलवार की सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत की सूचना से एजेंसी पर हड़कंप मच गया। सूचना पर आई सोनवा पुलिस ने मौके पर जांच की लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया और शव लेकर चले गए। सोनवा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत इमलिया नारायन के मजरा उत्तमापुर गांव निवासी मकसूद(46) मंगलवार की सुबह सिलिंडर बदलवाने के लिए शाहपुर कठौतिया स्थिति भारत गैस वितरण केंद्र आए थे। सिलिंडर मिलने में देरी होने के चलते वह एजेंसी के बाहर बैठे इंतजार कर रहे थे। इस दौरान संदिग्ध हालात में उनकी मौत हो गई। मकसूद के कोई हरकत न करने पर लोगों को उनके मौत की जानकारी हुई। युवक के मौत की सूचना से गैस वितरक केंद्र के कर्मचारियों के हाथ-पांव फूलने लगे और कर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर लक्ष्मन नगर चौकी प्रभारी जितेंद्र वर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। इस दौरान पहुंचे परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। जिस पर चौकी प्रभारी ने शव का पंचनामा भर परिजनों को शव सौंप दिया। सोनवा थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय ने बताया कि मौके पर जांच की गई थी लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया। जिसके चलते शव उनके सुपुर्द कर दिया गया।