शामली के ऊन में विद्युत विभाग द्वारा किसानों पर किए गए मुकदमों और जुर्माने के विरोध में भगत सिंह युवा समिति का धरना 35वें दिन शुक्रवार को भी तहसील परिसर में जारी रहा। तहसील के आसपास के गांवों बझेड़ी और भमेड़ी से बड़ी संख्या में किसान धरने में शामिल होकर समिति के आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं। समिति के सत्यवान चौधरी ने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा किसानों पर लगाए गए मुकदमे और भारी जुर्माने गलत हैं। अब तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने इस मुद्दे पर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया है। जब तक सभी मुकदमे और नोटिस वापस नहीं लिए जाते, आंदोलन जारी रहेगा। धरनारत कार्यकर्ताओं का कहना है कि विद्युत विभाग ने पहले समझौता किया था, लेकिन अब उस समझौते से पीछे हटकर किसानों और ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह कार्रवाई सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करती है। धरना स्थल पर प्रदीप भार्गव, प्रमोद कुमार, निरंकार सिंह, जयवीर, सत्यवान, नरेंद्र शर्मा, सुशील, अरविंद, ब्रजपाल, यशपाल, सुरेंद्र, सुरेशपाल, देवेंद्र और अमित आदि मौजूद रहे।