शिवरात्रि का पर्व नजदीक आते ही शामली से होकर गुजरने वाले कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शिव भक्त अलग-अलग तरह की कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। करनाल के 20 शिवभक्त पंचमुखी मंदिर की कांवड़ लेकर शामली पहुंचे। कांवड़ को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। शिवभक्त नरेश ने बताया कि उनके गांव में पंचमुखी मंदिर बनाया गया है। वह पिछले चार वर्षों से लगातार हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे हैं। इस बार कांवड़ तैयार करने में करीब ढाई लाख रुपये की लागत आई है। कांवड़ को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। शामली पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों का जोरदार स्वागत किया।