शामली में कांधला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एलम गांव के एक किसान के खेत में शनिवार सुबह एक तेंदुआ मृत पाया गया। यह खेत गांव कनियान की सीमा में स्थित है। कस्बा एलम निवासी नीलू पुत्र सुल्तान जब सुबह खेत पर पहुंचा तो पीपल के पेड़ के नीचे तेंदुआ मृत हालत में पड़ा था। किसान ने इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की पूंछ झुलसी हुई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह पीपल पर चढ़ रहा था और ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पिछले एक सप्ताह से इस क्षेत्र में तीन तेंदुओं को देखे जाने की खबरें आ रही थीं, जिससे गांव में पहले से ही डर का माहौल था। मामले की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की संभावना है ताकि मौत के सही कारण की पुष्टि हो सके।