शाहजहांपुर के बंडा के मोहल्ला पटेल नगर निवासी महेंद्र नाली निर्माण न होने से नाराज होकर शनिवार सुबह ब्लॉक परिसर में लगे टावर पर चढ़ गया। सुबह करीब छह बजे युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही परिसर में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने और टावर से नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह नाली निर्माण कराने की मांग पर अड़ा रहा। युवक का कहना था कि मोहल्ले में नाली न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए कई बार मांग किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उसे उतारने के लिए रिश्तेदार भी टावर पर चढ़ा। उसकी बात भी नहीं मानी।
मशीन लगाकर नीचे उतारा गया युवक
मामले की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद ईशहाक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने महेंद्र को नाली का निर्माण कराने का आश्वासन दिया। चेयरमैन के आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद हाइड्रॉलिक मशीन को मंगाकर महेंद्र टावर से नीचे उतर आया। इस दौरान पुलिस मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर नजर रखी। युवक के नीचे उतरने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।