शाहजहांपुर के कस्बा खुटार के मेन रोड पर पिलर बनाने को लेकर कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ और डंडे चले। इससे रोड पर जाम लग गया और राहगीरों में भगदड़ मच गई। मेन रोड किनारे बेकरी व्यवसायी आसिफ अली की दुकान का छज्जा जर्जर होने के कारण बुधवार को उन्होंने रोड पर गड्ढा खुदवाकर पिलर बनवाना शुरू किया था। पड़ोस के रेडीमेड कपड़ों के दुकानदार नौशाद अली ने रोड पर पिलर बनाने से मना किया इसको लेकर गाली-गलौज और विवाद शुरू हो गया था। जमकर ईंट-पत्थर चले। घटना के वीडियो भी वायरल हुए हैं। पुलिस ने सात लोगों को पकड़ा है, उनसे पूछताछ की जा रही है।