शाहजहांपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष पद के लिए रविवार को संगठन ने घोषणा कर दी। आवेदकों की लंबी सूची होने के बाद भी प्रांतीय संगठन ने दोबारा से पुराने चेहरों पर ही दांव लगाया। कृष्ण चंद (केसी) मिश्रा को जिलाध्यक्ष और शिल्पी गुप्ता को महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। जिलाध्यक्ष पद के लिए केसी मिश्रा समेत 30 लोगों ने आवेदन किया था। महानगर अध्यक्ष पद पर 28 आवेदक थे। रविवार को रेती रोड स्थित भाजपा कार्यालय में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की मौजूदगी में चुनाव अधिकारी चंद्रमोहन सिंह ने जिलाध्यक्ष व विजय बहादुर पाठक ने महानगर अध्यक्ष के नाम की घोषणा की तो समर्थक खुशी से उछल पड़े। फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।