शाहजहांपुर में गुरुवार को दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने दिवाली पर जमकर पटाखे दागे। कारोबारियों के मुताबिक दीपावली पर पांच करोड़ के पटाखे बिक गए। दीपावली को लेकर शहर के ओसीएफ इस्टेट रामलीला मैदान में पटाखा बाजार सजाया गया। जहां प्रशासन की अनुमति से 100 से अधिक दुकानें लगी, जिन पर पटाखों की बिक्री हुई। शहर के साथ ही रोजा, रामचंद्र मिशन, बरेली मोड़ और गली मोहल्लों में भी छोटी, बड़ी पटाखों की दुकान लगीं। जिन पर लोग खरीदारी को पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी खूब पटाखे खरीदे और जलाए गए। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष और मुख्य पटाखा व्यापारी वेदप्रकाश गुप्ता ने बताया कि इस बार पटाखों में अनार, चखरी, स्काई शॉट की मांग अधिक रही। जिले में पटाखे का करीब पांच करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है।