शाहजहांपुर में जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश शेखर कुमार यादव के भाग लेने, उद्घाटन करने व अमर्यादित टिप्पणी करने पर कार्रवाई की मांग की है। इस कार्यक्रम में न्यायाधीश दिनेश पाठक भी मौजूद थे। जिला अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद अंसारी ने कहा कि जस्टिस शेखर कुमार यादव और जस्टिस दिनेश पाठक का किसी गैर सरकारी और गैर विभागीय मंच पर जाना कोड ऑफ कंडक्ट के खिलाफ है। बोले कि यूनिफॉर्म सिविल कोड भाजपा का चुनावी एजेंडा है जिस पर राजनैतिक दलों में मतभेद है। इसको लागू करने के पक्ष में जस्टिस यादव का बयान भाजपा के एजेंट को क्रियान्वित करना है। जस्टिस शेखर यादव संविधान को नहीं मानते तो वह संविधान की अभिरक्षा के लिए बने न्यायपालिका के सदस्य भी नहीं होने चाहिए। ज्ञापन देने वालों में मोहम्मद सलीम इदरीसी, सिकंदर अली, उस्मान अली खान, दिलशाद अली, मोहम्मद रहमान, अशफाक हुसैन, समीर, फरीद अली आदि शामिल रहे।