शाहजहांपुर में डग्गामार वाहनों की नियमित चेकिंग नहीं किए जाने से नाराज अनुबंधित बस ऑनर्स एसोसिएशन ने एआरएम से बातचीत के बाद एक घंटे की हड़ताल को स्थगित कर दिया। शिष्टमंडल को नियमित चेकिंग का लिखित आश्वासन दिया है। अनधिकृत रूप से संचालित होने वाले वाहनों की वजह से अनुबंधित बसों को राजस्व का नुकसान होने से एक घंटे की हड़ताल का खाका तैयार किया था। बुधवार दोपहर में हड़ताल से पहले ही सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रामप्यारे प्रसाद ने अनुबंधित बस मालिकों को बुलाकर वार्ता की। उन्होंने हड़ताल नहीं करने का अनुरोध किया। एसोसिएशन के महासचिव निर्निमेष शर्मा ने कहा कि नियमित रूप से चेकिंग नहीं होने से डग्गामार वाहन संचालित हो रहे हैं। एआरएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद एआरटीओ शांतिभूषण पांडेय से वार्ता कराई। उन्होंने रोजाना ही यात्री कर अधिकारी के साथ नियमित चेकिंग कराने का आश्वासन दिया।