शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर बरेली-वाराणसी ट्रेन के कोच का दरवाजा नहीं खोलने पर यात्रियों ने हंगामा किया। अंदर बैठे यात्रियों से गाली-गलौज तक की। इस बीच आरपीएफ-जीआरपी के कर्मी नदारद रहे। इस दौरान कुछ यात्री प्लेटफॉर्म पर ही छूट गए। बरेली से प्रयागराज तक जाने वाली संगम एक्सप्रेस रविवार को निरस्त रही। ऐसे में कुंभ जाने वाले यात्रियों की भीड़ प्लेटफॉर्म नंबर एक पर जुट गई। शाम छह बजे ट्रेन आई तो प्लेटफॉर्म पर खड़े मुसाफिरों ने चढ़ने के लिए बोगी खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर के यात्रियों ने दरवाजा ही नहीं खोला। इससे भड़के यात्रियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। एक जनरल बोगी का गेट खुला तो वह पहले से भरी थी। उसमें सवार होना मुश्किल था। वहीं, डाउन लाइन की तरह अप लाइन की ट्रेनें भी भरकर चली रही हैं। रविवार को धनवाद फिरोजपुर एक्सप्रेस में सवार होने को यात्री परेशान रहे। पहले से भरी ट्रेन में पायदान पर सफर करते यात्री नजर आए। भीड़ के चलते यात्री ट्रेन में सवार नहीं हो सके।