शाहजहांपुर में ससुराल आए युवक ने अपनी पत्नी और बच्चों समेत छह लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने महिला सिपाही के कमरे में आग लगा दी। छत से कूदकर जान देने की धमकी दी। सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला दिलाजाक की आर्य नगर कॉलोनी में दूरसंचार विभाग से सेवानिवृत्त कर्मी निर्मल कुमार रहते हैं। उनकी पांच बेटियों में दूसरे नंबर की शालू का विवाह फर्रुखाबाद में विक्रम के साथ हुआ है। दंपती के बीच रिश्ते मधुर नहीं हैं। इस कारण शालू कुछ समय से दो बेटियों व बेटे आर्यन के साथ मायके में रह रही है। रविवार की सुबह सात बजे विक्रम ससुराल में आ धमका। बताते हैं कि दंपती के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। भड़के विक्रम ने रसोई से सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर शालू पर वार कर दिया। सिर में चाकू लगने से वह घायल हो गई। बड़ी बेटी सिमरन और स्वाति मां को बचाने आईं तो उन पर भी हमला कर दिया। सिमरन के चेहरे व स्वाति की अंगुली कट गई। बेटा आर्यन के भी हल्की चोट आई है। शोर सुनकर आए पड़ोसी अमित कुमार के हाथ पर वार कर दिया। विक्रम ने नीचे के कमरे में घरेलू कपड़ों में आग लगा दी। विवाद के दौरान मकान में किराये पर रहने वाली महिला कांस्टेबल सीमा बाहर निकलीं तो विक्रम उनके कमरे में घुस गया। दरवाजा बंद कर कमरे में आग लगा दी। इससे महिला सिपाही की चारपाई, कपड़े और अन्य सामान जल गया। सूचना पर पहुंची सदर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। इंस्पेक्टर सदर अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।