शाहजहांपुर जिले में किसानों से जुड़ीं विभिन्न समस्याओं के विरोध में भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट की अगुवाई में किसानों ने बुधवार को पुवायां में राजीव चौक पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिलाध्यक्ष भारत सिंह यादव का कहना है कि जिले में राइस मिलर्स और आढ़ती किसानों की फसल में करदा और भुगतान में सीडी काट रहे हैं। इससे किसानों को बहुत नुकसान हो रहा है। इसके अलावा जिले में सड़कों पर खुलेआम छुट्टा पशु घूम रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद किसी ने भी उन्हें पकड़वाकर गोशाला भिजवाने की जरूरत नहीं समझी है। रात में समितियों से खाद की कालाबाजारी की जा रही है। जानकारी पाकर थाना प्रभारी रवि करन सिंह मौके पर पहुंचे लेकिन किसानों ने उठने से मना कर दिया। किसानों का कहना है कि पूर्व में ज्ञापन देने के बाद ही धरना शुरू किया गया है। जब तक उनकी मांगें नहीं मानीं जातीं, वे धरना चालू रखेंगे।