शाहजहांपुर में सर्वधर्म एकता समिति की महिला इकाई की ओर से कलक्ट्रेट में महिलाओं से जुड़ीं समस्याओं के निदान के लिए डीएम को संबोधित ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन के जरिये समिति के सदस्यों ने बताया कि शहर में अधिकतर ई-रिक्शा रात में बगैर हेडलाइट के दौड़ रहे हैं। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ज्ञापन देकर समिति के सदस्यों ने बताया कि वृद्धावस्था और विधवा पेंशन तीन महीने में दी जाती है। इसे महीने दिया जाना चाहिए। कोटेदार पांच किलो राशन देने की बजाय चार किलो ही देते हैं। इस घटतौली पर रोक लगाई जाए। शहर के कुछ व्यस्त इलाकों में ई-रिक्शा संचालन बंद करा दिया गया है। यहां पर लोगों खासतौर पर महिलाओं को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। नो-एंट्री हटाई जानी चाहिए। पाइप लाइन डाले जाने के लिए खोदी गईं सड़कों को ठीक कराया जाए। इस दौरान प्रदेश महामंत्री नीलम हांडा, प्रदेश अध्यक्ष रीना शर्मा, शर्मीला, पूजा, शिल्पी शुक्ला आदि महिलाएं मौजूद रहीं।