शाहजहांपुर में विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने सोमवार को संविदा कर्मियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए धरना देने के बाद अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह को ज्ञापन दिया। उन्होंने कई मुद्दों को सुनने के बाद समाधान का आश्वासन दिया है। प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर सक्सेना के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में बताया कि संगठन ने पूर्व कार्यदायी संस्थाओं के ईपीएफ खातों में एग्जिट डेट दर्ज नहीं की है। इसी तरह 14 माह का बकाया ईपीएफ जमा कराने, समय से वेतन भुगतान, ईएसआईसी कार्ड उपलब्ध कराने, कार्य के दौरान दुर्घटना होने पर कैशलेस उपचार, ड्यूटी समाप्त होने के बाद अतिरिक्त कार्य पर सुरक्षा, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने आदि की मांग कमी गई। अधीक्षण अभियंता ने अधिकांश मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लंबित ईपीएफ, एग्जिट डेट, सुरक्षा उपकरण, समय पर वेतन भुगतान, ईएसआईसी कार्ड, दुर्घटना की स्थिति में उपचार और कुशल श्रेणी में समायोजन जैसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए जाएंगे। छंटनी किए गए कर्मचारियों की वापसी के लिए एमडी को प्रस्ताव भेजेंगे। इस मौके पर मध्यांचल अध्यक्ष अशोक कुमार पाल, जोन प्रभारी राजेश कुमार, जिलाध्यक्ष मुनीश पाल, जिला महामंत्री रईस अहमद, जिला उपाध्यक्ष शिवकुमार वर्मा व मीडिया प्रभारी अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।