शाहजहांपुर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ‘मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा’ में सरकार विरोधी नारे लगाए गए। शुक्रवार को दोपहर बाद टाउन हॉल स्थित कांग्रेस कार्यालय से पदाधिकारी, कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर रवाना हुए। लाल इमली चौराहा, तारीन टिकली, बहादुरगंज होते हुए पदयात्रा का समापन कार्यालय के पास हुआ। इस बीच केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारे लगाए। जिले की मनरेगा ऑब्जर्वर आशा राठौर ने सभा में कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों मजदूरों और ग्रामीण परिवारों के लिए जीवनरेखा है। आरोप लगाया कि केंद्र की सरकार मनरेगा के नाम और स्वरूप में बदलाव कर इसकी मूल भावना को कमजोर करना चाहती है, जिसे पार्टी किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियां मजदूरों, युवाओं और किसानों के हित में नहीं हैं। महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खान ने कहा कि पार्टी केंद्र और राज्य सरकार के हर जनविरोधी कदम का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी। इस मौके पर तसनीम अली खान, अनूप वर्मा, सुरेश चंद्र शुक्ला, रामजी अवस्थी, अर्चना वाल्मीकि, विंदेश्वरी राज, रफी उल हसन, शान मोहम्मद, गौरव त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।