शाहजहांपुर में अमर उजाला गांव महोत्सव के समापन पर रविवार शाम बॉडी बिल्डिंग शो ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मुख्य आकर्षण मिस्टर यूपी सलीम खान व मिस्टर रुहेलखंड मोहम्मद आरिफ रहे। उन्होंने अपने शारीरिक सौष्ठव का प्रदर्शन कर लोगों को अचंभित कर दिया। आरुषि भास्कर ने नृत्य की प्रस्तुति दी। मोईन अंसारी व मोइन खान ने अपनी आवाज का जादू चलाया। इसके बाद बॉडी शो में मिस्टर शाहजहांपुर रिजवान अहमद ने खूब वाह-वाही लूटी। कासिम, रंजीत, पीयूष आदि ने अपनी बाॅडी का प्रदर्शन किया। वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने मिस्टर यूपी सलीम खान व मिस्टर रुहेलखंड मोहम्मद आरिफ की सराहना की। कार्यक्रम में एसपी सिटी संजय कुमार, सीओ सिटी बीएस वीर कुमार, सीओ पुवायां पंकज पंत, नितेश गुप्ता, प्रधानाचार्य इकबाल हुसैन फूल मियां, सरताज मंसूरी, काजी मोहम्मद आमिर आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने किया। बॉडी बिल्डिंग शो का आयोजन और संचालन राफे खां ने किया।