शाहजहांपुर के सीएचसी भावलखेड़ा में तीन वर्ष से लंबित भुगतान नहीं होने पर शनिवार को आशा वर्कर यूनियन के पदाधिकारी वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के राजभवन स्थित आवास पर पहुंच गईं। मंत्री के नहीं मिलने पर आशाओं ने डेरा डाल दिया। शाम पांच बजे महिलाएं मंत्री का इंतजार कर रही थीं। तीन वर्षों के लंबित भुगतान नहीं करने पर यूनियन की पदाधिकारियों ने सीएचसी भावलखेड़ा पर पिछले कई दिनों तक धरना दिया। एडी हेल्थ के आश्वासन के बाद भी उनका भुगतान नहीं हो सका। इसके बाद कलक्ट्रेट में धरना देकर आवाज उठाई। लगातार टरकाए जाने से नाराज आशाओं ने शनिवार दोपहर 12 बजे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से मुलाकात करने के लिए कैंट स्थित राजभवन में पहुंच गईं। मंत्री के नहीं मिलने पर आशाएं इंतजार में बैठ गई। इस मौके पर राष्ट्रीय शक्ति दल की अध्यक्ष सावित्री शर्मा, आशा संगठन की अध्यक्ष कमलजीत कौर, रविंद्रा, बिंदु सिंह, विंदेश्वरी राय आदि बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।