शाहजहांपुर के तिलहर-दातागंज स्टेट हाईवे पर शुक्रवार देर रात करीब तीन बजे श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस हादसे में लगभग 10 श्रद्धालु घायल हो गए। यह बस बहराइच से बरेली के आंवला स्थित मनौना धाम जा रही थी।
बस में करीब 50 श्रद्धालु सवार थे। करकौर गांव में तिराहा के पास सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने बस को अचानक मोड़ा। इस दौरान चालक बस से अपना नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बस सड़क किनारे बनी गहरी खाई में जा गिरी और पूरी तरह पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए और घायलों को बाहर निकाला।
सभी घायल श्रद्धालुओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। सभी यात्री बहराइच व सीतापुर जिले के अलग-अलग गांव से हैं। सभी एक साथ आंवला के मनौना धाम दर्शन करने के लिए जा रहे थे। सुबह करीब पांच बजे सभी दूसरी बस से मनौना धाम चले गए।
ये श्रद्धालु हुए घायल
हादसे में घायल हुए 10 श्रद्धालुओं की पहचान की गई है। इनमें अनीता, रूपा, सोमा, मलंगी और सुधा शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, रामधुनी (59), अरविंद (26), राकेश (32), कमलेश (30) और साजन (32) भी घायल हुए हैं। सभी घायलों की स्थिति ठीक है।