मलबा हटा, तड़के सुबह पुजारियों ने की विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा संतकबीर नगर। बाबा बैजूनाथ शिव मंदिर के मलबे को प्रशासन ने रविवार रात हटवा दिया। इसके साथ ही रात में ही टेंट भी लगवा दिया गया। तड़के तीन बजे मंदिर के पुजारी ने पूजा अर्चना की। सोमवार को सुबह श्रद्धालुओं ने भी मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की। इससे पहले वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुजारी प्रहलाद गोस्वामी ने मंदिर में पूजा अर्चना शुरू कराई और शिवलिंग पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सोमवार को दिनभर पूजा अर्चना का दौर चलता रहा। मंदिर का ढांचा गिरने के बाद उत्सुकता वश भी इलाके से बड़ी संख्या में लोग मंदिर को देखने के लिए पहुंचे। रविवार को दोपहर करीब 1:00 बजे बरसात के कारण मंदिर का शिखर गिर गया था।