सहारनपुर में रविवार सुबह हल्की बूंदाबांदी के साथ मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और करीब दस बजे तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। बूंदाबांदी से जहां तापमान में गिरावट की उम्मीद है, वहीं किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। जिले में गेहूं की फसल लगभग पककर तैयार है और अप्रैल के दूसरे सप्ताह से अगैती फसल की कटाई शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके पीछे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को मुख्य कारण बताया जा रहा है।