जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर और डासना शिव शक्ति धाम के महंत यति नरसिंहानंद के मुस्लिम समाज के खिलाफ विवादित बयान की आग सहारनपुर तक पहुंच गई है। शहर से सटे गांव शेखपुरा में महंत की टिप्पणी से आक्रोशित मुस्लिम समाज के लोग भारी संख्या में गांव एकत्र हुए। उन्होंने महामंडलेश्वर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। इसी बीच देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामला शांत कराने की कोशिश की। इसके पश्चात 70 से 80 लोग शेखपुरा चौकी की तरफ जाने लगे। पुलिस ने रोकने की कोशिश की और लाठियां भी फटकारी। इससे गुस्साए लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी सहित कई घायल हुए। पता लगते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।