सहारनपुर जनपद के अंबेहटा में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी उर्फ राजू माजरा ने कहा कि राजनैतिक मतभेद भुलाकर एक मंच पर आए बिना किसानों की समस्याओं का समाधान होने वाला नहीं है। इसके लिए उन्होंने संगठन को बेहतर प्लेटफार्म बताया। घाटमपुर गांव में आयोजित हुए सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि सरकार की ढुलमुल नीति ने किसानों को बर्बाद करके रख दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (भानु) किसानों के हकों की लड़ाई मजबूती के साथ लड़ने वाला संगठन है। उन्होंने युवाओं में बढ़ रही नशाखोरी की लत पर चिंता जताते हुए इसके विरुद्ध लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। इस दौरान गांव से लापता बच्चे की तीन माह बाद सकुशल बरामदगी पर पुलिस का आभार जताया गया। इससे पहले यूनियन के पदाधिकारियों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया।इस दौरान प्रदेश प्रभारी शिवकुमार चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद प्रधान, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष अकमल चौधरी, प्रवेश चौधरी, कामिल, मांगेराम पांचाल,पदम सिंह, शाहरुख आदि मौजूद रहे