सहारनपुर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शनिवार को एसबीडी जिला अस्पताल में छापा मारा। इस दौरान अस्पताल में कई खामियां मिली, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मरीजों से बातचीत की। औषधि भंडार कक्ष में मरीजों के पर्चे देखे, जिन पर बाहर की दवा लिखी मिली। निरीक्षण के दौरान डीएम को हीट स्ट्रोक के वार्ड में पर्दे नहीं मिले। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर कैमरे की व्यवस्था भी नहीं थी। डेंटल ओपीडी में एक्सरे मशीन नहीं मिली।अस्पताल परिसर में पंजीकरण काउंटर के पास गंदगी भी नजर आई, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई और इसे तुरंत सुधारने की दिशा में कार्रवाई करने की बात कही। इमरजेंसी में माइनर ओटी में डीएम के आने पर एक संदिग्ध व्यक्ति भाग गया। डीएम ने कैमरे चेक करने के निर्देश दिए।